
बलौदाबाजार। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने जनपद पंचायत पलारी के ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग (RES) में पदस्थ एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भवानीपुर के उपसरपंच फागु सेन ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी कि मुरूम समतलीकरण कार्य के भुगतान के बदले एसडीओ द्वारा 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर ACB टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की। आरोपी को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
हाल ही में हुआ था प्रमोशन
बताया जा रहा है कि गोपाल कृष्ण शर्मा का कुछ महीने पहले ही प्रमोशन हुआ था और वे पलारी जनपद पंचायत के RES विभाग में पदस्थ थे। गिरफ्तारी के बाद ACB टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद जिले के पंचायत एवं RES विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।



