छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 5 हजार शिक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ: व्यापम कराएगा परीक्षा, युवाओं को मिलेगा बड़ा मौका

रायपुर, 20 फरवरी 2026।राज्य के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता तथा सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) सहित कुल 5000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी किया जाएगा। भर्ती परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा किया जाएगा।

विभाग ने विज्ञापन जारी करने से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर आवश्यक दस्तावेज व्यापम को भेज दिए हैं। वहीं शिक्षक सीधी भर्ती 2023 की प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है।

सरकार फरवरी 2026 से इन पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। चयन लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। यह भर्ती प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से चल रही शिक्षकों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से की जा रही है।

इस फैसले से न केवल हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा बल्कि स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। खास बात यह है कि अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए कई प्रकार के पद शामिल किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि शिक्षक सीधी भर्ती 2023 के पांचवें चरण में माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों के स्थान पर डी.एड. योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर प्रदान किया गया है।

विभाग द्वारा भर्ती संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button