अयोध्या धाम से लौटे श्रद्धालुओं से मिले विष्णु देव साय, बोले— सुदूर अंचलों तक आस्था पहुँचाना ही सच्ची जनसेवा

रायपुर, 17 फरवरी 2026। कोरिया प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने झुमका जलाशय परिसर में ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ के तहत अयोध्या धाम की यात्रा कर लौटे श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट की। उन्होंने श्रद्धालुओं का हाल-चाल जाना और उनके आध्यात्मिक अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना।
श्रद्धालुओं ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से उन्हें निःशुल्क अयोध्या धाम के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। शासन द्वारा सम्मानपूर्वक यात्रा की समुचित व्यवस्था किए जाने से यह यात्रा उनके लिए सहज और अविस्मरणीय बन गई। उन्होंने कहा कि सुदूर गांवों से अयोध्या तक पहुँचना पहले बेहद कठिन था, लेकिन सरकार की पहल से यह संभव हो सका।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री को ‘हमारे राम’ शीर्षक का तैलचित्र भेंट कर आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम छत्तीसगढ़ के भांचा हैं और प्रदेशवासियों को उनके दर्शन कराना शासन के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि सुदूर अंचलों में रहने वाले लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना ही जनसेवा की वास्तविक संतुष्टि है और सरकार इसी भावना के साथ कार्य कर रही है।



