भाई दूज आज, 2 घंटे 10 मिनट रहेगा तिलक का शुभ मुहूर्त: बहनें भाई की लंबी उम्र के लिए करेंगी पूजा, जानें विधि और परंपरा

रायपुर, 11 नवंबर। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का पर्व आज बुधवार को मनाया जा रहा है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व पर बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। वहीं भाई अपनी बहनों की रक्षा और सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प लेते हैं।
भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, इस वर्ष भाई दूज पर भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक रहेगा। वहीं द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू हुई है, जो 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक रहेगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, बहनों को इसी शुभ मुहूर्त में भाई का तिलक कर पूजा-अर्चना करनी चाहिए।
इस विधि से करें भाई दूज की पूजा
भाई दूज के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और घर के पूजा स्थल पर देवी-देवताओं की पूजा करें। इसके बाद एक थाली में हल्दी, कुमकुम, अक्षत, दीपक, मिठाई, कलावा और नारियल रखें। पूजा के बाद भाई को चौकी पर बैठाएं। परंपरा के अनुसार, भाई को तिलक लगाते समय सिर ढका होना चाहिए।
इसके बाद बहन भाई के माथे पर हल्दी, कुमकुम और अक्षत से तिलक लगाए। भाई की आरती उतारकर उसके हाथ में कलावा बांधे और मिठाई खिलाकर उसकी लंबी उम्र की कामना करे। इसके बाद भाई अपनी बहन को उपहार देकर उसके सुखी जीवन की कामना करता है। इस दिन बहन के हाथों बना भोजन करना भी शुभ माना जाता है।
यमराज और यमुना से जुड़ी है पर्व की मान्यता
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज का संबंध मृत्यु के देवता यमराज और उनकी बहन यमुना से है। कहा जाता है कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका प्रेमपूर्वक स्वागत किया, तिलक लगाया और स्वादिष्ट भोजन कराया।
बहन के स्नेह और आतिथ्य से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा। तब यमुना ने कामना की कि इस दिन जो भी भाई अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाएगा, उसे यमराज का भय न रहे। यमराज ने यह वरदान स्वीकार कर लिया। तभी से भाई दूज मनाने की परंपरा प्रचलित मानी जाती है।
भाई दूज के अन्य नाम और परंपराएं
भाई दूज को भाऊ बीज, भात्र द्वितीया और भाई द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। कई स्थानों पर इस दिन भगवान चित्रगुप्त की पूजा की जाती है। वहीं मथुरा सहित कई क्षेत्रों में भाई-बहन के एक साथ यमुना स्नान करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन यमुना स्नान करने से यमराज की कृपा प्राप्त होती है और भाई-बहन के जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
भाई दूज का पर्व केवल तिलक और उपहार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने के संकल्प को भी दर्शाता है।



