कोरबा में दर्दनाक हादसा: बेकाबू ट्रेलर घर में घुसा, गर्भवती महिला की मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कोरबा, 14 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ापार बाजार पारा में तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान की दीवार तोड़ते हुए सीधे आंगन में जा घुसा। हादसे में आंगन में बर्तन धो रही 25 वर्षीय गर्भवती महिला शशि बाई सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई।
बच्चे और बुजुर्ग बाल-बाल बचे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना शाम करीब 4 बजे की है। मृतका रोज की तरह खाना खाने के बाद आंगन में काम कर रही थी। उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर नियंत्रण खो बैठा और घर में घुस गया। हादसे के वक्त आंगन में खेल रहे बच्चे और महिला के ससुर भी मौजूद थे, लेकिन वे चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गए। मृतका का पति गजपाल पेशे से ड्राइवर बताया जा रहा है।
मौके पर भारी आक्रोश
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण नहीं है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
सूचना मिलते ही हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डडसेना, दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू, कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे और तहसीलदार अभिजीत राजभानु मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने का प्रयास किया।
जांच जारी
पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने मृतका के परिवार को मुआवजा और दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



