बिजली दरों पर आपकी राय जरूरी: राज्य विद्युत नियामक आयोग करेगा जन-सुनवाई, 17-18 फरवरी को 6 शहरों में सुनवाई

रायपुर, 13 फ़रवरी 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग ने राज्य की बिजली कंपनियों द्वारा दायर विभिन्न याचिकाओं पर जन-सुनवाई का कार्यक्रम जारी किया है।
आयोग से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत पारेषण कंपनी लिमिटेड, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड तथा छत्तीसगढ़ राज्य भार पोषण केंद्र ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के ट्रू-अप, वर्ष 2026-27 से 2029-30 तक वार्षिक राजस्व आवश्यकता (ARR), टैरिफ निर्धारण और पूंजीगत निवेश योजना के अनुमोदन के लिए याचिकाएं दायर की हैं। इन पर क्षेत्रीय स्तर पर ऑनलाइन जन-सुनवाई आयोजित की जाएगी।
आयोग ने बताया कि याचिकाओं का सारांश पहले ही समाचार पत्रों और आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित किया जा चुका है। इच्छुक उपभोक्ता व हितधारक निर्धारित तिथियों पर संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से सुनवाई में शामिल हो सकते हैं।
17 फरवरी 2026
- दुर्ग — सुबह 10:30 से 12:00 बजे
- बिलासपुर — दोपहर 12:00 से 01:30 बजे
- राजनांदगांव — दोपहर 03:00 से 04:30 बजे
18 फरवरी 2026
- अंबिकापुर — सुबह 10:30 से 12:00 बजे
- जगदलपुर — दोपहर 12:00 से 01:30 बजे
- रायगढ़ — दोपहर 03:00 से 04:30 बजे
आयोग ने उपभोक्ताओं, जनप्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों से अपील की है कि वे सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि बिजली टैरिफ निर्धारण प्रक्रिया में पारदर्शिता और जन-सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।



