
रायपुर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में 12 फरवरी से 17 फरवरी 2026 तक अलग-अलग जिलों और संभागों में प्लेसमेंट कैंप और संभाग स्तरीय रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन मेलों में निजी क्षेत्र की कंपनियां शामिल होंगी और योग्य अभ्यर्थियों को मौके पर ही चयन का अवसर मिलेगा।
महासमुंद में प्लेसमेंट कैंप का दूसरा दिन
महासमुंद जिले में 11 फरवरी को रोजगार कार्यालय परिसर, मचेवा महासमुंद में प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया गया। आज 12 फरवरी को जनपद पंचायत बागबाहरा में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्लेसमेंट कैंप लगाया जाएगा।
- एसपीएसजी सिक्योरिटी रायपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड के 150 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को 12,000 से 19,000 रुपए प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
- स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड रायपुर द्वारा फील्ड ऑफिसर और कलेक्शन ऑफिसर के 40 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए 10वीं और 12वीं पास उम्मीदवार पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 12,200 रुपए प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
संभाग स्तरीय रोजगार मेले का कार्यक्रम
प्रदेश के युवाओं को अधिकतम रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संभाग स्तरीय रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम इस प्रकार है—
- 12-13 फरवरी : बिलासपुर संभाग
- 14-15 फरवरी : दुर्ग संभाग
- 16-17 फरवरी : सरगुजा और बस्तर संभाग
इन मेलों में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और योग्य युवाओं का चयन करेंगी।
रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं से अपील है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।



