SBI के चीफ मैनेजर के घर बड़ी चोरी, खिड़की तोड़कर घुसे चोर; 5 लाख के जेवर लेकर फरार

कोरबा, 07 फ़रवरी 2026/ छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। मानिकपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत दादर खुर्द मार्ग स्थित SBI के चीफ मैनेजर के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। खिड़की की रॉड तोड़कर घर में घुसे चोर करीब 5 लाख रुपये के कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, राजू मोदी SBI बैंक में चीफ मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं। वे शुक्रवार को अपने परिवार के साथ जमीन रजिस्ट्री के सिलसिले में रायपुर गए हुए थे। देर रात करीब 1 बजे जब वे वापस लौटे और घर का ताला खोला, तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और बेडरूम की खिड़की की रॉड टूटी हुई थी।
चोरी की आशंका होते ही उन्होंने तत्काल 112 और मानिकपुरी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर
पुलिस ने घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। आसपास के इलाकों में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और चोरी के सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का बयान
मानिकपुरी थाना प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चोरों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।



