छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र बॉर्डर पर मुठभेड़ जारी, 3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर

बीजापुर: छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा पर स्थित अबूझमाड़ के दुर्गम इलाके में शुक्रवार सुबह से नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस एंटी-नक्सल ऑपरेशन में अब तक 3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ स्थल से एक AK-47 और एक इंसास राइफल भी बरामद की गई है। दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है, जिससे पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, यह ऑपरेशन महाराष्ट्र पुलिस के विशेष दस्ता सी-60 द्वारा शुरू किया गया था। अबूझमाड़ क्षेत्र में सर्चिंग और डोमिनेशन ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों की मौजूदगी के पुख्ता इनपुट मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने कार्रवाई तेज की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई।
अबूझमाड़ इलाका लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का गढ़ माना जाता रहा है। यहां के घने जंगल और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां सुरक्षा बलों के लिए लगातार चुनौती बनी रहती हैं।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ऑपरेशन समाप्त होने के बाद ही मुठभेड़ को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।


