छत्तीसगढ़
Trending

प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत: कोरबा में गर्लफ्रेंड पर चाकू से हमला, फिर बॉयफ्रेंड ने खुद का गला काटा; युवक की मौत

कोरबा | 04 फ़रवरी 2026

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा युवक ने पहले अपनी गर्लफ्रेंड के गले पर चाकू से हमला किया और फिर उसी चाकू से खुद का गला काट लिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना उरगा थाना क्षेत्र की है।

मृतक की पहचान शुभम नायडू (28) के रूप में हुई है, जो बिलासपुर का रहने वाला था। शुभम शादीशुदा था और उसकी एक बच्ची भी है। वहीं घायल युवती निशा उर्फ प्रतीक्षा (22) भी बिलासपुर की रहने वाली है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि हमले की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

मंगलवार शाम से थे लापता

जानकारी के अनुसार, शुभम और निशा मंगलवार शाम से लापता थे। युवती के अचानक गायब होने पर उसके परिजनों ने बिलासपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

बस से कोरबा पहुंचे, फिर हुआ विवाद

मंगलवार रात करीब 9 बजे शुभम और निशा बस से कोरबा पहुंचे। उरगा थाना क्षेत्र के संडैल नाला के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान शुभम ने अचानक चाकू निकालकर निशा के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल होकर युवती वहीं गिर पड़ी।

खुद का गला काटकर की आत्महत्या

युवती पर हमला करने के बाद शुभम ने उसी चाकू से अपना गला काट लिया। अधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने जब खून से लथपथ दोनों को देखा तो पुलिस को सूचना दी गई।

घायल युवती ने वीडियो कॉल कर मांगी मदद

गंभीर हालत में पड़ी निशा ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर 112 नंबर पर कॉल किया। इसके अलावा उसने अपने परिजनों और पुलिस को वीडियो कॉल कर इशारों में पूरी घटना की जानकारी दी और अपनी लोकेशन भी भेजी। लोकेशन मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची।

अस्पताल में युवक मृत घोषित, युवती बिलासपुर रेफर

पुलिस ने दोनों को एम्बुलेंस की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शुभम को मृत घोषित कर दिया। वहीं युवती की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।

मोबाइल जब्त, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी समेत उरगा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से शुभम और निशा दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और वे कोरबा के लिए रवाना हो चुके हैं।

पुलिस का कहना है कि युवती के बयान के बाद ही घटना की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button