उधारी के पैसे नहीं लौटाए तो युवक को रास्ते से उठाया: NSUI नेताओं ने होटल में बंधक बनाकर पीटा, 2 दिन बाद इलाज के दौरान मौत

दुर्ग-भिलाई, 02 फ़रवरी 2026 CRIME NEWS
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में NSUI नेताओं की बर्बरता सामने आई है। उधारी के पैसों के विवाद में एक युवक को रास्ते से उठाकर कार में जबरन बैठाया गया, फिर होटल के कमरे में लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अधमरा हालत में बाहर फेंक दिया गया। दो दिन बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई
मामले में पुलिस ने NSUI जिला उपाध्यक्ष समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उधारी के पैसे बने हत्या की वजह
मृतक की पहचान ऋषि निर्मलकर (19) के रूप में हुई है। वह अपने पिता के साथ कपड़े प्रेस करने की दुकान में काम करता था। पुलिस के मुताबिक, NSUI जिला उपाध्यक्ष मेजर सागर ने ऋषि को कुछ पैसे उधार दिए थे, जिसे वह लगातार वापस मांग रहा था। पैसे नहीं लौटाने और फोन उठाना बंद करने से आरोपी गुस्से में थे।
रास्ते से उठाया, होटल में ले जाकर पीटा
20 जनवरी को ऋषि अपने दोस्त के साथ बाइक से घूम रहा था। स्टेशन रोड पर पीछे से कार में आ रहे मेजर सागर और उसके साथियों ने उसे देख लिया। इसके बाद ऋषि को बाइक से उतारकर जबरन कार में बैठाया गया और दुर्ग के 36 इन होटल ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि जिस होटल में युवक को ले जाया गया, उसका मैनेजर भी आरोपी मेजर सागर ही था। होटल के एक कमरे में बंद कर सभी ने ऋषि को लात-घूंसों से जमकर पीटा और बाद में उसे बाहर छोड़ दिया।
अधमरा कर छोड़ा, 2 दिन बाद मौत
मारपीट के बाद ऋषि किसी तरह अपने दोस्त को फोन कर घर पहुंचा। परिजनों ने चोट के बारे में पूछा, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। दो दिन बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। पहले स्थानीय डॉक्टर और फिर भिलाई के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 25 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों से मौत की पुष्टि हुई है।
NSUI के 5 नेता गिरफ्तार
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 26 जनवरी को हत्या का मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 2 फरवरी को मुख्य आरोपी मेजर सिंह सागर उर्फ राज सिंह सागर, काके उर्फ हरविंदर सिंह और अंकित झा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया है। घटना दुर्ग के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



