छत्तीसगढ़तकनीकीरायपुर
Trending

किसानों की फसल से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, शिवराज सिंह चौहान ने गिरहोला-खपरी में खेतों से किसानों को दिया संदेश

रायपुर/दुर्ग, 31 जनवरी 2026/ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय दौरे के दौरान स्पष्ट संदेश दिया कि किसान की मेहनत, उसकी फसल और भविष्य से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नकली बीज, नकली खाद और नकली कीटनाशकों के जरिए किसानों को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ केंद्र सरकार कठोर और दंडात्मक कार्रवाई करेगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान और उनका सर्वांगीण विकास केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और संसद में जल्द ही किसानों को कानूनी सुरक्षा देने वाले नए कृषि कानून लाए जाएंगे।

खेतों की मेड़ से शुरू हुआ दौरा

केंद्रीय मंत्री ने दुर्ग जिले के ग्राम गिरहोला और खपरी का दौरा कर सीधे किसानों से संवाद किया। उन्होंने नर्सरी, खेत और कृषि फार्मों का निरीक्षण करते हुए फसल चक्र, बागवानी, सिंचाई, बीज उत्पादन और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी ली।

गिरहोला में उन्होंने आम के पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया और किसानों से आग्रह किया कि वे बागवानी और वृक्ष आधारित खेती अपनाएँ। खपरी में किसान चौपाल के दौरान उन्होंने प्रगतिशील किसानों को बधाई दी और कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक तेजी से अपना रहे हैं, जो पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है।

धान से बागवानी की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि धान की पारंपरिक खेती के साथ बागवानी, सब्जी उत्पादन और फसल विविधीकरण अपनाने से किसानों की आय में वृद्धि हो रही है। उन्होंने अन्य किसानों को भी इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं पर फोकस

शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, डिजिटल कृषि मिशन और ड्रोन तकनीक से जुड़े लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजनाएँ किसानों की आय बढ़ाने और लागत कम करने में मददगार साबित होंगी।

प्राकृतिक खेती और जल संरक्षण को बताया भविष्य की राह

केंद्रीय मंत्री ने प्राकृतिक खेती, सूक्ष्म सिंचाई और जल संरक्षण आधारित कृषि को भविष्य की खेती बताते हुए किसानों से अधिक से अधिक जुड़ने का आह्वान किया।

ग्रामीण विकास को भी किया जोर

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से गांवों की बुनियादी संरचना, रोजगार और आत्मनिर्भरता मजबूत हो रही है।

किसानों की आय और कृषि को लाभकारी बनाने का संकल्प

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में कृषि को लाभकारी बनाया जाए और किसानों की आय में निरंतर वृद्धि हो। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक तकनीक, मजबूत नीति और प्रभावी कानून से कृषि में नई क्रांति आएगी।

इस अवसर पर प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, कृषि अनुसंधान के वैज्ञानिक और बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button