बस्तर MLA लखेश्वर बघेल के घर खून से सनी सुबह : पत्नी पर जानलेवा हमला, ICU में जिंदगी-मौत की जंग

जगदलपुर, 30 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के बस्तर से इस वक्त एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी पर उनके ही घर में धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। हमले में उनके दोनों हाथों की नसें कट गई हैं, जबकि गले पर भी गंभीर जख्म के निशान मिले हैं। हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद सुबह करीब 8 बजे उन्हें महारानी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल ICU में भर्ती किया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक खून अधिक बहने से उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
‘भतीजा’… एक शब्द ने बढ़ा दिया रहस्य
जब नर्सों ने घायल महिला से बात करने की कोशिश की तो वे बोलने की हालत में नहीं थीं। कागज पर लिखकर पूछने पर उन्होंने सिर्फ एक शब्द लिखा – “भतीजा”। इस एक शब्द ने पूरे मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है। पुलिस अब इसी सुराग के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
आत्महत्या की कोशिश या सोची-समझी साजिश?
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह आत्मघाती प्रयास था या किसी ने साजिश के तहत हमला किया। पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश या किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा रहा।
अस्पताल छावनी में तब्दील, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और घर के आसपास लगे CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ की राजनीति में इस वारदात से हड़कंप मच गया है। पूरे प्रदेश की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि आखिर “भतीजा” शब्द के पीछे छिपा सच क्या है और इस खूनी हमले का असली जिम्मेदार कौन है। 🚨



