कांग्रेस-टीएमसी पर अरुण सिंह का वार, बोले– मनरेगा में लूट, बंगाल में तुष्टिकरण और देश को गुमराह कर रहा विपक्ष

रायपुर, 30 दिसंबर 2025/ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री अरुण सिंह ने रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद के महत्वपूर्ण सत्र को विपक्ष ने जानबूझकर बाधित किया और विकसित भारत से जुड़ी VB G RAM G योजना को लेकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है।
अरुण सिंह ने कहा कि पहले मनरेगा के तहत केवल 100 दिन का काम मिलता था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 125 दिन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को अधिक रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा में दिखावटी काम होते थे, जहां एक ही गड्ढे को बार-बार खोदने और भरने का खेल चलता था, लेकिन अब गांवों में वास्तविक और टिकाऊ विकास कार्य होंगे।
उन्होंने पश्चिम बंगाल में मनरेगा में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार ने गरीबों के अधिकारों के साथ धोखा किया है। अरुण सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है और इस बार पश्चिम बंगाल की जनता भाजपा को सत्ता सौंपने जा रही है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज के राहुल गांधी महात्मा गांधी के विचारों वाले गांधी नहीं हैं।
छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार की सराहना करते हुए अरुण सिंह ने कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है और भाजपा संगठन भी जनता के बीच लगातार सक्रिय है।



