शादी का झांसा, लॉज में दरिंदगी! डोंगरगढ़ में युवती से दुष्कर्म, आरोपी सलाखों के पीछे

डोंगरगढ़, 29 दिसंबर 2025
छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 22 दिसंबर 2025 को थाना डोंगरगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वर्ष 2019 में उसकी पहचान मोतीपुर नवागांव निवासी नीरज देवांगन से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ आरोपी ने उससे शादी का वादा किया और इसी भरोसे पर उसने नजदीकियां बढ़ाईं। आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने अलग-अलग मौकों पर, विशेष रूप से डोंगरगढ़ के एक लॉज में, उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर तत्काल जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने नीरज देवांगन पिता अगनू राम देवांगन (उम्र 25 वर्ष) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों पर सख्त रुख अपनाया जा रहा है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



