
बिलासपुर, 29 दिसंबर 2025/ बिलासपुर प्रेस क्लब के बहुप्रतीक्षित चुनाव 2025-27 रविवार को जिला प्रशासन की देखरेख में राघवेन्द्र सभा भवन में शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुए। इस चुनाव में विकास पैनल ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सभी छह पदों पर एकतरफा विजय हासिल की। अध्यक्ष पद पर अजित मिश्रा शानदार जीत के साथ निर्वाचित हुए।
प्रेस क्लब चुनाव के लिए फर्म्स एंड सोसायटी के उप पंजीयक एवं चुनाव अधिकारी की निगरानी में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान हुआ। कुल 447 वैध मतदाताओं में से 386 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना शाम 6 बजे से शुरू हुई, जिसमें शुरू से ही विकास पैनल की बढ़त बनी रही।
कार्यकारिणी सदस्य
विकास पैनल के कैलाश यादव को 208 मत मिले, जबकि आशीर्वाद पैनल की ऊषा सोनी को 136 और विकल्प पैनल के राजू शर्मा को 35 वोट मिले। कैलाश यादव 72 मतों से विजयी रहे।
सह सचिव
हरिकिशन गंगवानी (विकास पैनल) को 156 वोट मिले। आशीर्वाद पैनल के रमेश राजपूत को 146 और विकल्प पैनल के जयंत गोले को 78 वोट मिले। गंगवानी 10 मतों से विजेता बने।
कोषाध्यक्ष
किशोर कुमार सिंह को 189 वोट मिले, जबकि आशीर्वाद पैनल के लोकेश बाघमारे को 107 और विकल्प पैनल के आशीष मौर्य को 86 वोट मिले। सिंह ने 82 मतों से जीत दर्ज की।
सचिव
संदीप करिहार (विकास पैनल) को 189 मत मिले। आशीर्वाद पैनल के रवि शुक्ला को 163 और विकल्प पैनल के प्रवीर भट्टाचार्य को 26 मत मिले। करिहार ने 26 वोटों से जीत दर्ज की।
उपाध्यक्ष
चतुष्कोणीय मुकाबले में विजयक्रांति तिवारी को 193 वोट मिले और वे 63 मतों से विजयी रहे। आशीर्वाद पैनल के गोपी डे को 130, विकल्प पैनल के दीपक राय को 54 और रमण किरण को 4 वोट मिले।
अध्यक्ष
सबसे महत्वपूर्ण मुकाबले में अजित मिश्रा (विकास पैनल) ने 204 वोट प्राप्त कर 62 मतों से जीत दर्ज की। आशीर्वाद पैनल के दिलीप यादव को 142 और विकल्प पैनल के मदन ठाकुर को 35 वोट मिले।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही विकास पैनल समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। राघवेन्द्र सभा भवन परिसर में विजयी जुलूस निकाला गया और समर्थकों की सभा हुई। जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।



