रायगढ़ BREAKING: पत्नी पर ब्लेड से हमला कर फरार आरोपी गिरफ्तार, 7 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

रायगढ़, 26 दिसंबर 2025/ कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में पत्नी पर ब्लेड से जानलेवा हमला कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब सात महीने से फरार चल रहा था, जिसे गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने धर दबोचा और हत्या के प्रयास के आरोप में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक 27 मई 2025 को त्रिवेणी अगरिया (33), निवासी चिराईपानी ने थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 25 मई की सुबह पति सावित्रो अगरिया ने घर खर्च को लेकर विवाद के बाद गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और फिर रेजर ब्लेड से उसके गले पर वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और खून बहने लगा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रायगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद 26 मई को उसे छुट्टी दे दी गई। इसके बाद उसने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 233/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पर हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई।
लगातार फरार चल रहे आरोपी के बारे में पुलिस को सूचना मिली कि वह बच्चों से मिलने आने वाला है। इसी इनपुट पर 25 दिसंबर 2025 को कोतरारोड़ पुलिस ने घेराबंदी कर बस से भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सावित्रो अगरिया उर्फ टूनू उर्फ संतनू (36) निवासी ग्राम तिउरिया महोदवपारा, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) तथा हाल निवासी चिराईपानी, थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस गिरफ्तारी से इलाके में राहत की भावना है और पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है।



