छत्तीसगढ़
Trending

कंधमाल में नक्सलियों का सफाया: ओडिशा में सुरक्षाबलों के एनकाउंटर में 6 माओवादी ढेर, ₹1 करोड़ का इनामी CCM गणेश उईके भी मारा गया

छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनकाउंटर में 6 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों में सेंट्रल कमेटी मेंबर (CCM) और एक करोड़ रुपये से अधिक का इनामी नक्सली गणेश उईके भी शामिल है। इस मुठभेड़ में दो महिला नक्सली भी ढेर हुई हैं। सभी नक्सलियों के शव और हथियार मौके से बरामद कर लिए गए हैं।

सुरक्षाबलों को कंधमाल जिले के चाकापाड़ इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद बड़े पैमाने पर संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान में कुल 23 टीमें शामिल की गईं, जिनमें 20 स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), 2 सीआरपीएफ और 1 बीएसएफ की टीम थी। ऑपरेशन कंधमाल जिले के चाकापाड़ थाना क्षेत्र और गंजाम जिले के राम्भा वन क्षेत्र में चलाया गया।

25 दिसंबर को अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच कई बार गोलीबारी हुई। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सघन सर्चिंग की गई, जिसमें पहले 5 नक्सलियों के शव बरामद हुए — इनमें 3 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल थीं। बाद में एक और नक्सली के मारे जाने की पुष्टि हुई, जिससे कुल संख्या 6 हो गई। सभी नक्सली वर्दी में थे।

मौके से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं, जिनमें 2 इंसास राइफल और एक .303 राइफल शामिल है। सुरक्षाबलों का कहना है कि यह कार्रवाई माओवादियों के नेटवर्क को बड़ा झटका है और इलाके में नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने में अहम साबित होगी।

इस ऑपरेशन को ओडिशा और छत्तीसगढ़ दोनों के लिए बड़ी सुरक्षा सफलता माना जा रहा है, क्योंकि मारा गया CCM गणेश उईके दोनों राज्यों में नक्सली गतिविधियों का अहम रणनीतिकार माना जाता था।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button