छत्तीसगढ़ में महिलाओं को बड़ी सौगात : 2026 होगा ‘महतारी गौरव वर्ष’, हर योजना का केंद्र होंगी माताएं-बहनें

रायपुर, 24 दिसंबर 2025।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में अगले वर्ष को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा की है। इसका उद्देश्य महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को और मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को देखते हुए यह फैसला लिया गया है कि आने वाला वर्ष पूरी तरह माताओं और बहनों को समर्पित होगा।
सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत राज्य की करीब 70 लाख विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। अब तक 14,306 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है।
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए स्व-सहायता समूहों को सस्ते लोन दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही सिलाई मशीन, ई-रिक्शा, डिजिटल सखी और स्वरोजगार से जुड़ी कई योजनाएं भी चलाई जा रही हैं।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए 181 हेल्पलाइन, डायल 112 और वन-स्टॉप सेंटर जैसी सुविधाएं प्रदेशभर में काम कर रही हैं। वहीं विधवा और परित्यक्ता महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए सरकार ने 8,245 करोड़ रुपये का बजट रखा है, जिससे साफ है कि महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है।
सरकार का कहना है कि ‘महतारी गौरव वर्ष’ के जरिए छत्तीसगढ़ में महिलाओं को और सम्मान, सुरक्षा और अवसर दिए जाएंगे।



