छत्तीसगढ़
Trending

बिहान योजना से बदली शांति दुग्गा की तक़दीर, किराना दुकान से ट्रैक्टर तक पहुँचीं

रायपुर, 24 दिसंबर 2025।नारायणपुर जिले के ओरछा विकासखण्ड के ग्राम कुरूषनार की रहने वाली शांति दुग्गा आज ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की महत्वाकांक्षी बिहान योजना ने उनके जीवन को नई दिशा दी है।

शांति दुग्गा वर्ष 2019 में रोशनी स्व सहायता समूह से जुड़ी थीं। पहले उनका परिवार खेती और वनोपज पर निर्भर था, जिससे आमदनी सीमित रहती थी। समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने नियमित बचत शुरू की और सरकारी सहायता से समूह को 15 हजार रुपये की चक्रीय निधि और 60 हजार रुपये की सामुदायिक निवेश राशि मिली।

इसके बाद बैंक लिंकेज से शांति दुग्गा ने 1 लाख रुपये का ऋण लेकर किराना दुकान शुरू की। सफलता मिलने पर उन्होंने 2.70 लाख रुपये का ऋण लेकर कपड़े का व्यवसाय शुरू किया और बाजार तक पहुंच बढ़ाने के लिए पिकअप वाहन भी खरीदा।

लगातार बढ़ते कारोबार के दम पर उन्होंने 6 लाख रुपये का ऋण लेकर ट्रैक्टर खरीदा। आज उनके परिवार की सालाना आय 4 से 5 लाख रुपये तक पहुंच गई है।

शांति दुग्गा कहती हैं कि बिहान योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाया। अब वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं दे पा रही हैं। उनकी कहानी यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं से ग्रामीण महिलाएं भी आर्थिक रूप से मजबूत बन सकती हैं।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button