छत्तीसगढ़
Trending

सीएम विष्णुदेव साय ने जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का किया शुभारंभ, बोले-“छत्तीसगढ़ में खेलों का विकास हमारी प्राथमिकता”

रायपुर, 23 दिसंबर 2025।छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि खेलों का विकास छत्तीसगढ़ सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और खिलाड़ियों को हर स्तर पर बेहतर सुविधाएं व प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री आज राजधानी रायपुर के कोटा रोड स्थित स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित 45वीं एनटीपीसी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और देशभर से आए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया अभियान के माध्यम से देश में खेलों को लेकर अत्यंत सकारात्मक और उत्साहजनक वातावरण तैयार हुआ है। छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय ट्राइबल गेम्स जैसे प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी का अवसर मिलना प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने बताया कि राज्य में खेलो इंडिया के नए खेल परिसरों की शुरुआत की गई है, जिससे खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। साथ ही राज्य खेल अलंकरण समारोह के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित कर विशेष प्रोत्साहन दिया जाता है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि

  • ओलंपिक में भाग लेने वाले छत्तीसगढ़ के एथलीट को 21 लाख रुपये,
  • स्वर्ण पदक जीतने पर 3 करोड़ रुपये,
  • रजत पदक पर 2 करोड़ रुपये,
  • कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि 45वीं एनटीपीसी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन और छत्तीसगढ़ खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 22 से 30 दिसंबर तक आयोजित होगी, जिसमें 30 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 500 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मोरारका, महासचिव आयुष मोरारका, ईश्वर प्रसाद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच, मैनेजर, खेलप्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button