
रायपुर, 23 दिसंबर 2025/ राज्य सरकार ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग के एक कार्यपालन अभियंता (EE) और दो अनुविभागीय अधिकारियों (SDO) को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई बीजापुर जिले में नेलसनार–कोडोली–मिरतुल–गंगालुर सड़क निर्माण कार्य में हुए भ्रष्टाचार के मामले में की गई है।
गंगालूर थाना क्षेत्र में प्रकरण दर्ज होने और विवेचना के दौरान संलिप्तता पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग, संभाग सुकमा के कार्यपालन अभियंता हरनारायण पात्र, उपसंभाग क्रमांक-1 बीजापुर के अनुविभागीय अधिकारी प्रमोद सिंह तंवर तथा सेतु उपसंभाग जगदलपुर के अनुविभागीय अधिकारी संतोष दास को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से निलंबन आदेश जारी किए गए। निलंबन अवधि के दौरान तीनों अभियंताओं का मुख्यालय प्रमुख अभियंता कार्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
सरकार की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे साफ है कि अनियमितताओं पर किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा।



