केरल में छत्तीसगढ़ के मजदूर की पीट-पीटकर हत्या: CM विष्णुदेव साय ने बताया अमानवीय कृत्य, पीड़ित परिवार को ₹5 लाख की सहायता

रायपुर | 23 दिसंबर 2025
केरल के पालक्काड जिले में छत्तीसगढ़ के एक प्रवासी मजदूर की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना को अत्यंत अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पीड़ित परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पालक्काड में छत्तीसगढ़ निवासी रामनारायण बघेल (31) के साथ हुई हिंसा सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी निर्दोष नागरिक को गलत पहचान के आधार पर निशाना बनाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
परिजनों को केरल भेजा गया, पार्थिव शरीर लाने की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीड़ित के परिजनों को तत्काल केरल भेजा गया है। रामनारायण बघेल के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके गृह ग्राम लाने की पूरी व्यवस्था की जा रही है। शव को हवाई मार्ग से छत्तीसगढ़ लाया जाएगा।
दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग
मुख्यमंत्री साय ने केरल सरकार से अनुरोध किया है कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
क्या है पूरा मामला
घटना 17 दिसंबर की है। केरल के पालक्काड जिले में चोरी की एक घटना के बाद संदिग्धों की तलाश के दौरान स्थानीय लोगों ने सक्ती जिले के करही गांव निवासी दलित प्रवासी मजदूर रामनारायण बघेल को बांग्लादेशी घुसपैठिया समझ लिया। भीड़ ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रामनारायण 13 दिसंबर को रोज़गार की तलाश में केरल गए थे और एक निर्माण स्थल पर दिहाड़ी मजदूरी कर रहे थे। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।



