छत्तीसगढ़
Trending

कोरबा में AI से नाबालिग की अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग, मना करने पर व्हाट्सएप ग्रुप में किया वायरल

आरोपी बोला– पुलिस और साइबर को खरीद चुका हूं, 18 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं

कोरबा | 22 दिसंबर 2025

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से साइबर अपराध और नाबालिग उत्पीड़न का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक 25 वर्षीय युवक ने नाबालिग छात्रा की AI जनरेटेड अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उसे मिलने के लिए दबाव डाला। मना करने पर आरोपी ने वीडियो और फोटो को गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया।

मामला पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बनबंधा का है। आरोपी युवक की पहचान रतिराम यादव (25 वर्ष) के रूप में हुई है।

AI वीडियो बनाकर मिलने का दबाव

पीड़िता के परिजनों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से नाबालिग लड़की पर बुरी नीयत रखता था और उसे परेशान करता था। कुछ दिन पहले उसने लड़की की AI तकनीक से अश्लील फोटो और वीडियो तैयार कर उसे भेजा और मिलने के लिए बुलाया। आरोपी ने धमकी दी कि अगर वह मिलने नहीं आई तो वह वीडियो वायरल कर देगा।

मना करने पर वीडियो वायरल

लड़की के मना करने पर आरोपी ने धमकी को अंजाम देते हुए अश्लील फोटो और वीडियो को गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिवार ने 5 दिसंबर 2025 को पाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

18 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं

पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच कटघोरा थाना प्रभारी धरम नारायण तिवारी को सौंपी, लेकिन 18 दिन बीतने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इससे आक्रोशित पीड़ित परिवार ने 22 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत की।

“पुलिस और साइबर को खरीद चुका हूं” – आरोपी की धमकी

पीड़िता के परिजनों ने एसपी को बताया कि आरोपी लगातार धमकियां दे रहा है और कह रहा है कि उसने पुलिस और साइबर विभाग को खरीद रखा है, उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इन धमकियों से पूरा परिवार मानसिक तनाव में है।

डरी हुई है नाबालिग छात्रा

पीड़िता स्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा है। घटना और लगातार धमकियों के कारण वह मानसिक रूप से भयभीत है और सामान्य जीवन जीने में असमर्थ हो रही है।

दोबारा शिकायत, फिर भी कार्रवाई नहीं

लगातार जान से मारने की धमकियों के बाद परिजनों ने 22 दिसंबर को एक बार फिर पाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया।

एसपी के निर्देश

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं स्थानीय समाज और पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button