छत्तीसगढ़
Trending

भिलाई में पहली बार बागेश्वर धाम सरकार की हनुमंत कथा: 25–29 दिसंबर तक दिव्य आयोजन, 27 को लगेगा ‘दिव्य दरबार’

रायपुर, 21 दिसंबर 2025/ इस्पात नगरी भिलाई पहली बार सनातन धर्म के ध्वजवाहक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य आगमन की साक्षी बनने जा रही है। 25 से 29 दिसंबर 2025 तक जयंती स्टेडियम के समीप ग्राउंड, भिलाई में दिव्य श्री हनुमंत कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक होगी, जिसमें श्रद्धालु आध्यात्मिक रसपान करेंगे।

आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ खादी ग्राम उद्योग आयोग के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय ने होटल बेबीलान में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कथा के दौरान 27 दिसंबर को विशेष दिव्य दरबार का आयोजन होगा, जिसमें पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रद्धालुओं की पर्ची निकालकर उनकी समस्याओं के समाधान हेतु मार्गदर्शन देंगे।

राकेश पाण्डेय ने बताया कि सेवा समर्पण समिति, दुर्ग द्वारा आयोजित इस भव्य कथा की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष पंडित वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि और समाजसेवी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। विशाल डोमशेड का निर्माण लगभग 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। आयोजन में दुर्ग–भिलाई–रायपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेशभर और देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। विशाल डोमशेड के साथ सुव्यवस्थित वाहन पार्किंग, आवागमन सुचारू रखने की व्यवस्था, निःशुल्क भोजन, पेयजल, पर्याप्त शौचालय, सुरक्षा हेतु पूरे स्थल पर बेरिकेडिंग की जाएगी। कथा स्थल के समीप व्यवसायियों को रियायती दरों पर स्टॉल आवंटित किए जाएंगे, जहां खाद्य सामग्री और धार्मिक वस्तुएं उपलब्ध होंगी। समिति यह भी सुनिश्चित करेगी कि किसी भी श्रद्धालु से बाजार दर से अधिक राशि न ली जाए।

राकेश पाण्डेय ने कहा कि भिलाई की पावन धरती पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आगमन सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने देश और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दिव्य श्री हनुमंत कथा में सहभागी बनने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की।

प्रेस वार्ता में सेवा समर्पण समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button