छत्तीसगढ़
Trending

कांकेर में धर्मांतरित शव दफन विवाद: भीड़ की पत्थरबाजी में ASP समेत 20 से अधिक पुलिसकर्मी घायल, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

कांकेर, 19 दिसंबर 2025/ कांकेर जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़े तेवड़ा में धर्मांतरित व्यक्ति के शव दफन को लेकर गुरुवार को तनाव हिंसा में बदल गया। शव को कब्र से निकालकर गांव से बाहर अंतिम संस्कार करने की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान चर्च में तोड़फोड़ और आगजनी की गई, वहीं सरपंच के घर में भी नुकसान पहुंचाया गया।

आदिवासी और ईसाई समुदायों के बीच हुई झड़प के दौरान पुलिस पर पत्थरबाजी की गई, जिसमें अंतागढ़ के एडिशनल एसपी आशीष बंसोड़ समेत 20 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च केंद्र रेफर किया गया है। स्थिति संभालने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रशासन ने बढ़ते विरोध के बीच शव को कब्र से निकालकर गांव से बाहर भेज दिया। फिलहाल हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

चारामा में भी तनाव
बड़े तेवड़ा की घटना के बाद चारामा तहसील मुख्यालय में शव दफन की सूचना पर भी तनाव फैल गया। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कब्रिस्तान पहुंचकर विरोध किया। उनका कहना है कि धर्म परिवर्तन के बाद दफन की अलग व्यवस्था होनी चाहिए ताकि सामाजिक समरसता बनी रहे।

पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, ग्राम बड़े तेवड़ा निवासी 70 वर्षीय चमरा राम सलाम का निधन 16 दिसंबर को हुआ था। मृतक के परिजनों ने निजी भूमि पर दफन किया, जिसे लेकर ग्रामीणों ने स्थानीय रीति-रिवाजों का हवाला देते हुए आपत्ति जताई। शिकायत पर कार्यपालिक दंडाधिकारी ने विधिक प्रावधानों के तहत शव को बाहर निकालने (एक्सह्यूमेशन) का आदेश दिया। पंचनामा व पोस्टमार्टम के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद बस्तर आईजी, डीआईजी कांकेर, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन दोनों पक्षों से संवाद कर मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास कर रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button