छत्तीसगढ़
Trending

बाबा गुरु घासीदास के मार्ग पर छत्तीसगढ़ सरकार, शिक्षा से बदलेगा भविष्य: CM विष्णु देव साय | भिलाई में बड़ी घोषणा, सतनाम भवन डोम को 50 लाख, जयंती आयोजन को हर साल 10 लाख

रायपुर, 18 दिसंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दुर्ग जिले के भिलाई सेक्टर-6 स्थित सतनाम भवन में आयोजित परमपूज्य बाबा गुरु घासीदास की 269वीं जयंती एवं गुरु पर्व कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने बाबा गुरु घासीदास की गुरु-गद्दी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि व कल्याण की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब 18वीं सदी में समाज छुआछूत और भेदभाव से जूझ रहा था, तब बाबा गुरु घासीदास ने “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश देकर मानवता को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इन्हीं आदर्शों पर चलते हुए सभी समाज वर्गों के हित में लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। महतारी वंदन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी जैसी योजनाओं का सीधा लाभ आम नागरिकों और किसानों को मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि समाज के समग्र विकास के लिए अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से 75 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। साथ ही समाज के बेटा-बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए 15 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही विकास का मूलमंत्र है। इसी सोच के तहत जिला मुख्यालयों में नालंदा परिसर बनाए जा रहे हैं, ताकि प्रदेश के बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पाकर ऊंचे पदों तक पहुंच सकें। उन्होंने नशाखोरी पर चिंता जताते हुए इसके खिलाफ सख्त कदम उठाने की आवश्यकता बताई।

बेरोजगारी पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नई उद्योग नीति के जरिए युवाओं को रोजगार के व्यापक अवसर मिल रहे हैं। अब तक करीब 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए सतनाम भवन सेक्टर-6 भिलाई में डोम निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और बाबा गुरु घासीदास जयंती आयोजन के लिए प्रतिवर्ष 10 लाख रुपये की स्वीकृति दी।

कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, विधायक रिकेश सेन सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button