छत्तीसगढ़
Trending

सेतगंगा धाम से सीएम साय का संदेश: समानता-सद्भाव की राह दिखाते हैं गुरु घासीदास बाबा, विकास के साथ सामाजिक समरसता जरूरी

रायपुर, 18 दिसंबर 2025।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गुरु घासीदास बाबा ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का अमर संदेश दिया। बाबा के विचार आज भी सामाजिक एकता, भाईचारे और समरसता को मजबूत करते हैं। साय मुंगेली जिले के खैरा-सेतगंगा धाम में आयोजित गुरु घासीदास जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने जैतखंभ में विधिवत पूजा-अर्चना कर पालो चढ़ाया और गुरुगद्दी व राम जानकी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।

इस अवसर पर साय ने सेतगंगा धाम के समग्र विकास के लिए अहम घोषणाएं कीं—सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये, राम जानकी मंदिर पर्यटन क्षेत्र विकास के लिए 50 लाख रुपये और गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति दी।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने और छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, सुरक्षा और विकास कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना सहित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र गरीबों तक लगातार पहुंचाया जा रहा है।

किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का भरोसा दिलाते हुए साय ने कहा कि किसानों के धान का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सहायता दी जा रही है। प्रशासनिक पारदर्शिता के लिए ई-ऑफिस प्रणाली और नक्सलवाद उन्मूलन की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सेतगंगा धाम के ऐतिहासिक-धार्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ निरंतर विकास की राह पर है।

कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक पुन्नूलाल मोहले, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, डोमन लाल कोरसेवाड़ा और भावना बोहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में सतनाम पंथ के अनुयायी उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button