छत्तीसगढ़
Trending

धर्मांतरण पर अंतिम संस्कार बना बवाल: कांकेर में चर्च में आगजनी, भारी विरोध के बाद कब्र से निकाला गया शव, गांव में तनाव

कांकेर | 18 दिसंबर 2025

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर ब्लॉक स्थित बड़े तेवड़ा गांव में धर्मांतरित व्यक्ति के अंतिम संस्कार को लेकर हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए। सरपंच के धर्मांतरित पिता के शव को गांव में दफनाए जाने के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। हालात इतने बिगड़े कि भीड़ ने चर्च में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी। भारी विरोध के बीच प्रशासन ने शव को कब्र से निकालकर अन्य स्थान पर भेजा।

मृतक चमराराम सलाम, गांव के सरपंच रजमन सलाम के पिता थे। रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी, जिसके बाद सरपंच द्वारा गांव में ही शव को दफनाया गया। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन सकी। बुधवार को विरोध और उग्र हो गया। ग्रामीणों ने शव को कब्र से निकालकर दूसरे स्थान पर अंतिम संस्कार की मांग की। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई, जिसमें कई ग्रामीण और पुलिसकर्मी घायल हो गए।

गुरुवार को हालात और बिगड़ गए। लाठी-डंडों से लैस ग्रामीणों ने फिर प्रदर्शन किया। इसी दौरान आक्रोशित भीड़ ने चर्च में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आग पर काबू पाया और गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

बताया जा रहा है कि गांव का आदिवासी समाज इस मुद्दे पर दो गुटों में बंट गया है। एक पक्ष धर्मांतरण का विरोध कर रहा है, जबकि दूसरा पक्ष शव को कब्र से निकालने के खिलाफ है। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के बीच शव को कब्र से निकालकर बाहर भेज दिया।

फिलहाल गांव में तनाव बना हुआ है। हजारों ग्रामीण अब भी मौके पर डटे हुए हैं और पूरे क्षेत्र में पुलिस अलर्ट मोड पर है।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button