रायपुर की सरोना डंप-साइट पर डिप्टी CM अरुण साव सख्त : 31 मार्च तक बायो-रिमिडिएशन पूरा करने के निर्देश, लाइव फीड से होगी निगरानी

रायपुर, 18 दिसंबर 2025। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज सुबह रायपुर की सरोना डंप-साइट का निरीक्षण किया। उन्होंने कचरा निपटान और प्रोसेसिंग कार्यों की प्रगति पर असंतोष जताते हुए एजेंसी को 31 मार्च 2026 तक काम हर हाल में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। कार्य में तेजी लाने के लिए मशीनरी और मानव संसाधन बढ़ाने को कहा गया, साथ ही लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
निरीक्षण के दौरान नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस., महापौर मीनल चौबे, निगम आयुक्त विश्वदीप और सूडा के सीईओ शशांक पाण्डेय मौजूद रहे।

डिप्टी CM अरुण साव ने बायो-रिमिडिएशन की साप्ताहिक कार्ययोजना बनाने और प्रगति रिपोर्ट उप मुख्यमंत्री कार्यालय, महापौर, राज्य शासन व सूडा को नियमित भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि लाइव फीड के जरिए स्वयं मॉनीटरिंग करेंगे। नगर निगम अधिकारियों को प्रतिदिन साइट पर भौतिक समीक्षा और शासन स्तर पर लाइव फीड व ड्रोन से सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

हरित क्षेत्र में बदलेगी सरोना डंप-साइट
वैज्ञानिक और चरणबद्ध रिमिडिएशन के बाद सरोना डंप-साइट को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। अरुण साव ने कहा कि कचरे के ढेर से मुक्त कर इसे मॉडल रेमिडिएटेड साइट बनाया जाएगा, जिससे रायपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में बड़ा योगदान मिलेगा।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत बड़ा कदम
यह परियोजना स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत देशभर की लेगेसी वेस्ट डंप-साइट्स के रिमिडिएशन के राष्ट्रीय प्रयास का हिस्सा है। रायपुर नगर निगम का यह मॉडल अन्य नगरीय निकायों को वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन के लिए प्रेरित करेगा।
वर्षों पुराने कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण
करीब 28 एकड़ में फैली सरोना डंप-साइट पर पिछले 20 वर्षों से कचरा जमा था, जिससे भूजल प्रदूषण, दुर्गंध और स्वास्थ्य जोखिम बढ़े। नगर निगम ने यहां साढ़े चार लाख टन अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रसंस्करण की योजना बनाई है। अब तक 4.30 लाख टन कचरे का बायो-रिमिडिएशन हो चुका है। इस प्रक्रिया से आरडीएफ, इनर्ट और बायो-सॉयल जैसे उपयोगी उत्पाद मिल रहे हैं, जो पर्यावरण संरक्षण और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देंगे।
सख्त संदेश साफ है: तय समयसीमा में काम पूरा हो—निगरानी भी सख्त, कार्रवाई भी तय।



