Sukma Encounter : सुकमा में DRG–नक्सली मुठभेड़, गोलापल्ली के जंगलों में भीषण फायरिंग, 2–3 नक्सली ढेर होने का दावा

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में DRG जवानों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ चल रही है। गोलापल्ली इलाके के जंगलों में आज 18 दिसंबर की सुबह से दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जवानों की जवाबी कार्रवाई में 2 से 3 नक्सली मारे गए हैं, जबकि कुछ अन्य नक्सलियों के घायल होने की भी खबर है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गोलापल्ली क्षेत्र में बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी है। इसी इनपुट के आधार पर DRG के जवान सर्च ऑपरेशन पर जंगल की ओर रवाना हुए थे। सुबह जब जवान संदिग्ध इलाके में पहुंचे, तभी नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद मुठभेड़ तेज हो गई।
सूत्रों के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में एरिया कमेटी मेंबर (ACM) कैडर के नक्सली शामिल हो सकते हैं। इस कैडर पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित है। इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है।
मुठभेड़ को देखते हुए आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आधिकारिक बयान के बाद ही हताहतों की सही संख्या और पहचान स्पष्ट हो सकेगी।



