बिलासपुर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस खड़े ट्रेलर से टकराई, 16 यात्री घायल, 11 की हालत गंभीर

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिहार से रायपुर जा रही रॉयल बस दर्री पारा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में कुल 16 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 11 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सिम्स (CIMS) बिलासपुर रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार और सुबह के समय कम दृश्यता (लो विजिबिलिटी) को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि ट्रेलर सड़क किनारे खड़ा था, जिसे बस चालक समय पर देख नहीं पाया।
हादसे की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और हाईवे पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया, जिससे किसी अन्य दुर्घटना की स्थिति न बने।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।



