छत्तीसगढ़
Trending

धान खरीदी में बड़ी राहत: अब 24×7 मिलेगा ‘तूहर टोकन’, किसानों के लिए खत्म हुई समय की बाध्यता

00राज्य सरकार का बड़ा फैसला, धान विक्रय प्रक्रिया हुई और आसान00

00छोटे किसानों को अतिरिक्त समय, 31 जनवरी तक ले सकेंगे टोकन00

रायपुर, 13 दिसंबर 2025।
प्रदेश के किसानों को धान विक्रय में होने वाली परेशानी से राहत दिलाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। अब तूहर टोकन ऐप 24×7 उपलब्ध रहेगा, जिससे किसान दिन-रात किसी भी समय अपनी सुविधा के अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे। टोकन काटने के लिए अब किसी तय समय की बाध्यता नहीं होगी।

सरकार के इस फैसले से किसानों को धान बेचने की बेहतर योजना बनाने का अवसर मिलेगा और टोकन बुकिंग के दौरान होने वाली भीड़ व तकनीकी दबाव से भी राहत मिलेगी। अब किसान 13 जनवरी तक अगले 20 दिनों के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं।

छोटे किसानों को विशेष राहत

राज्य सरकार ने 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों के लिए भी बड़ी सुविधा दी है। ऐसे किसान अब 31 जनवरी तक तूहर टोकन ऐप से टोकन ले सकेंगे। यह निर्णय छोटे और सीमांत किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

समिति की सीमा के भीतर ही जारी होंगे टोकन

सरकार ने स्पष्ट किया है कि टोकन प्रत्येक सहकारी समिति को आबंटित निर्धारित सीमा के भीतर ही जारी किए जाएंगे। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

मुख्यमंत्री का बयान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा,

“किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तूहर टोकन ऐप को 24×7 खोलने और समय की बाध्यता समाप्त करने का निर्णय इसी सोच का परिणाम है। अब किसान बिना किसी दबाव के, अपनी सुविधा अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे। 2 एकड़ एवं 2 एकड़ से कम रकबा वाले किसानों के लिए अतिरिक्त समय सीमा किसानों को वास्तविक राहत देगी। राज्य सरकार किसान हित में हर संभव कदम उठाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।”

राज्य सरकार के इस फैसले को किसानों के हित में धान खरीदी व्यवस्था को सरल, सहज और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button