नक्सल मोर्चे पर बड़ी कामयाबी: गढ़चिरौली से कांकेर तक 1 करोड़ के इनामी 15 नक्सली हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटे

छत्तीसगढ़। नक्सल उन्मूलन अभियान में आज सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र बॉर्डर से कांकेर तक कुल 15 नक्सलियों ने हथियार डालकर आत्मसमर्पण कर दिया है। इन सभी पर कुल 1 करोड़ से अधिक का इनाम घोषित था। समर्पण करने वालों में कुख्यात नक्सली विनोद सैयाना भी शामिल है, जिस पर 25 लाख रुपये का इनाम था।
गढ़चिरौली में 11 नक्सलियों ने समर्पण किया
गढ़चिरौली में बुधवार को डीजी रश्मि शुक्ला के सामने 11 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।
- इन सभी पर कुल 89 लाख रुपये का इनाम था।
- नक्सलियों ने चार हथियार भी पुलिस को सौंपे।
- इनमें सबसे बड़ा नाम विनोद सैयाना का है, जो लंबे समय से छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा पर सक्रिय था।
कांकेर में 4 नक्सलियों का सरेंडर, मदनवाड़ा कांड की आरोपी महिला भी शामिल
इधर कांकेर में 23 लाख के इनामी 4 नक्सलियों ने एसपी आईके एलेसेला के सामने आत्मसमर्पण किया।
- इनमें दो पुरुष और दो महिला नक्सली शामिल हैं।
- सरेंडर करने वालों में कंपनी नंबर 10 का सक्रिय सदस्य भी है।
- पुलिस के अनुसार, एक महिला नक्सली मदनवाड़ा हमले में शामिल थी, जिसमें एसपी विनोद चौबे शहीद हुए थे।
समर्पण के बाद एसपी ने सभी नक्सलियों को पुनर्वास नीति के तहत 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की।
छत्तीसगढ़ में लगातार हो रहे आत्मसमर्पण से नक्सल संगठनों को गहरा झटका लग रहा है। सुरक्षा बलों की रणनीति, विकास कार्यों की गति और पुनर्वास नीतियों का असर स्पष्ट दिखाई दे रहा है।



