रायपुर: 11 से 13 दिसंबर तक होगा ‘बस्तर ओलम्पिक 2025’ का संभाग स्तरीय आयोजन, अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 11 से 13 दिसंबर तक ‘बस्तर ओलम्पिक 2025’ का संभाग स्तरीय आयोजन किया जा रहा है। इस बड़े खेल आयोजन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पारंपरिक खेलों, जनजातीय संस्कृति को बढ़ावा देने और प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम प्रदेश के खेल कैलेंडर में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
पारंपरिक खेलों से लेकर आधुनिक विधाओं तक होगा मुकाबला
राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित खिलाड़ी पारंपरिक एवं आधुनिक दोनों ही खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
पिछले वर्ष आयोजित बस्तर ओलंपिक ने न सिर्फ प्रदेश बल्कि पूरे देश में अपनी अलग पहचान बनाई थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी मन की बात कार्यक्रम में इसकी विशेष सराहना की थी।
बस्तर क्षेत्र में शांति और खेल संस्कृति को बढ़ावा
बस्तर ओलंपिक की शुरुआत राज्य शासन द्वारा इस उद्देश्य से की गई थी कि क्षेत्र के युवाओं को नक्सल प्रभाव से दूर कर मुख्यधारा से जोड़ा जाए और खेल के माध्यम से क्षेत्र में शांति और भयमुक्त वातावरण स्थापित किया जा सके।
मैरी कॉम करेंगी उद्घाटन, बाइचुंग भूटिया होंगे समापन के मुख्य आकर्षण
इस वर्ष आयोजन की खास बात यह है कि भारत की महान महिला बॉक्सर मैरी कॉम (6 बार की विश्व चैंपियन, लंदन ओलंपिक 2012 की कांस्य पदक विजेता, पद्म भूषण, पद्म श्री और खेल रत्न सम्मानित)
11 दिसंबर को उद्घाटन समारोह में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगी।
वहीं भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी बाइचुंग भूटिया
13 दिसंबर को समापन कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। भूटिया पद्मश्री और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित हैं और भारतीय फुटबॉल को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
विजेताओं के लिए प्रोत्साहन राशि और खेल अकादमी में प्रवेश
जिला स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा—
- जूनियर वर्ग: 2400 रुपये प्रति खिलाड़ी
- सीनियर वर्ग: 3000 रुपये प्रति खिलाड़ी
की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
इसके साथ ही जूनियर वर्ग के विजेता खिलाड़ियों को शासकीय खेल अकादमी में सीधे प्रवेश दिया जाएगा, जहां उन्हें आधुनिक खेल प्रशिक्षण देकर भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार किया जाएगा।



