“गुरु घासीदास जयंती का न्योता: मुख्यमंत्री साय से मिले छात्रावास प्रतिनिधि, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुड़ेंगे छात्र”

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित शासकीय आदर्श पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, पेंशनबाड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। इस दौरान कौशल विकास मंत्री खुशवंत साहेब भी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित गुरु पर्व कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि रायपुर के कई छात्रावास—कालाबाड़ी कन्या छात्रावास, शंकर नगर कन्या छात्रावास, आमापारा छात्रावास, डी.डी.यू. छात्रावास, कबीर छात्रावास, प्रयास छात्रावास, देवपुरी छात्रावास सहित अन्य आवासों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि गुरु घासीदास जी के विचार सामाजिक सद्भाव और मानव-सेवा की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को युवा छात्रों के सर्वांगीण विकास और मूल्य शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।
प्रतिनिधिमंडल में छात्रावास के पदाधिकारी, शिक्षक एवं अन्य सदस्य शामिल थे।



