छत्तीसगढ़
Trending

धान खरीदी में किसानों का बढ़ा भरोसा : रामपुर के किसान कीर्तम राम पटेल बोले—‘इस बार व्यवस्था सबसे पारदर्शी और आसान’

रायपुर, 27 नवंबर 2025। प्रदेशभर में चल रहे धान खरीदी तिहार ने किसानों के बीच भरोसा और संतोष को नई मजबूती दी है। सरगुजा जिले के ग्राम रामपुर के किसान और गांव के पटेल कीर्तम राम पटेल ने धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए इसे सबसे सुचारू, सरल और पारदर्शी प्रक्रिया बताया।

किसान कीर्तम राम पटेल ने बताया कि इस सीजन में वे कुल 187 क्विंटल धान बेच रहे हैं, जिनमें से 80 क्विंटल वे पहले ही निर्धारित टोकन के जरिए बेच चुके हैं, जबकि 107 क्विंटल अगले टोकन जारी होने पर बेचेंगे। उन्होंने कहा कि टोकन प्रणाली के चलते खरीदी केंद्रों में भीड़ में भारी कमी आई है और किसानों को समय पर धान बेचने की सुविधा मिल रही है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष केंद्रों में बारदाना की पर्याप्त उपलब्धता, कर्मचारियों का सहयोग, सटीक तुलाई, और पूरी तरह पारदर्शी कार्यप्रणाली किसानों के विश्वास को और मजबूत कर रही है।

किसान पटेल ने यह भी कहा कि इस बार खरीदी व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं अधिक व्यवस्थित है, और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य तय किए जाने से किसानों में बेहद खुशी है। बेहतर व्यवस्थाओं ने किसानों को न सिर्फ उचित मूल्य दिया है, बल्कि समय और श्रम की भी बचत कराई है।

खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष धान खरीदी को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए टोकन सिस्टम, ई-तुलाई, गुणवत्ता परीक्षण, बारदाना प्रबंधन और भुगतान प्रक्रिया को और मजबूत किया गया है।

किसानों की यह संतुष्टि दर्शाती है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित धान खरीदी तिहार वास्तव में खेतों से लेकर मंडियों तक किसानों के हितों को सुरक्षित और सुचारू रूप से आगे बढ़ा रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button