छत्तीसगढ़
Trending

एसआईआर प्रक्रिया में अव्यवस्थाओं को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव का डोर-टू-डोर जनसंपर्क

अंबिकापुर, 26 नवंबर 2025/ मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाताओं को हो रही कठिनाइयों को देखते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव मंगलवार को अपने मतदान बूथ क्रमांक 128 के क्षेत्र में डोर-टू-डोर जनसंपर्क पर निकले। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा वरिष्ठ नेताओं को अपने-अपने बूथों पर SIR प्रक्रिया से जोड़े जाने के फैसले के तहत उन्होंने यह अभियान शुरू किया।

संपर्क के दौरान सिंहदेव ने पाया कि अधिकांश मतदाताओं को गणना प्रपत्र तो प्राप्त हो गया है, लेकिन उसे भरने की प्रक्रिया को लेकर भारी भ्रम की स्थिति है। कई मतदाता जटिल प्रक्रिया को समझ नहीं पा रहे हैं। उन्होंने स्वयं कुछ घरों में जाकर मतदाताओं के प्रपत्र भरने में मदद की।

उन्होंने SIR प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाताओं को खुद को वैध साबित करने के भार के नीचे दबा दिया गया है। उन्होंने बताया कि जब 2025 की नवीनतम मतदाता सूची उपलब्ध थी, तब उस पर दावा-आपत्ति लेकर अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सकती थी। लेकिन इसके बजाय लोगों को 2003 की मतदाता सूची में अपने या अपने परिजनों के नाम खोजकर वैधता साबित करने की अनावश्यक बाध्यता दे दी गई है।

सिंहदेव ने इसे प्रशासनिक लापरवाही और जागरूकता के अभाव का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार को मतदाताओं पर बोझ डालने के बजाय प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाना चाहिए।

जनसंपर्क अभियान के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत सिंह, ग्रामीण अध्यक्ष विनय शर्मा, बूथ क्रमांक 128 से संबंधित मंडल अध्यक्ष, बीएलए और कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button