छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल पर 5 हजार का इनाम, पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी — गिरफ्तारी से बचने हाईकोर्ट जा सकते हैं बघेल, कैविएट दायर

रायपुर, 11 नवंबर 2025 छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल पर रायपुर पुलिस ने 5,000 रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी है और कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए बघेल अपने परिचितों के घरों में छिपते फिर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, अमित बघेल अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए अब हाईकोर्ट का रुख कर सकते हैं। पुलिस की ओर से इस मामले में अग्रिम जमानत का विरोध करने की तैयारी भी की जा रही है। इसके लिए हाईकोर्ट में कैविएट दायर किया गया है, जिसमें कहा गया है कि बघेल को किसी भी तरह की अंतरिम राहत देने से पहले राज्य का पक्ष सुना जाए।
बता दें कि 9 अक्टूबर को रायपुर पुलिस ने बघेल की तलाश में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के शिवेंद्र वर्मा (निवासी सड्डू) और अजय यादव के धरमनगर टिकरापारा स्थित घरों पर छापे मारे थे। दोनों से पूछताछ भी की गई थी। इसके अलावा कई टीमें राज्य के अलग-अलग जिलों में लगातार दबिश दे रही हैं।
मामला तब गर्माया जब 27 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने की घटना के बाद अमित बघेल ने अग्रसेन महाराज और सिंधी समाज के ईष्ट देवता झूलेलाल जी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद अग्रवाल समाज और सिंधी समाज ने न केवल प्रदेशभर में, बल्कि देशभर में भी तीव्र प्रदर्शन किए।
अमित बघेल के खिलाफ रायपुर, दुर्ग, धमतरी, इंदौर, ग्वालियर, नोएडा, महाराष्ट्र और प्रयागराज सहित कई जगहों पर FIR दर्ज की गई है। अग्रवाल और सिंधी समाज ने रायपुर के विभिन्न थानों में भी शिकायतें दर्ज कराई हैं।
👉 पुलिस का कहना है कि जल्द ही अमित बघेल को गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।



