छत्तीसगढ़
Trending

जशपुर जम्बुरी में सजी ग्रामीण संस्कृति की महफिल, रोमांच और मेहमाननवाज़ी ने जीता पर्यटकों का दिल

रायपुर, 7 नवम्बर 2025 — छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चल रहे जशपुर जम्बुरी ने इस बार पर्यटन को नई दिशा दी है। चार दिवसीय इस आयोजन (6 से 9 नवम्बर) में देशभर से पहुंचे सैकड़ों पर्यटक जशपुर की वादियों, लोक संस्कृति और रोमांचक गतिविधियों का आनंद ले रहे हैं।

ग्राम केरे में पर्यटकों के ठहरने के लिए आठ होम स्टे की व्यवस्था की गई है। यहाँ पर्यटकों को न केवल आरामदायक ठहराव मिल रहा है, बल्कि स्थानीय जीवनशैली, खान-पान और परंपराओं को करीब से जानने का मौका भी मिल रहा है। पर्यटकों ने कहा — “यहाँ का घरेलू माहौल और आत्मीयता होटल से कहीं बेहतर है, सादगी में जो अपनापन है, वह मन को छू गया।”

प्रशासन की इस पहल से ग्रामीण परिवारों को भी आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिला है। होम स्टे मॉडल न सिर्फ किफायती है, बल्कि यह स्थानीय संस्कृति से जुड़ने का असली अनुभव भी देता है।

देशदेखा में रोमांच और लोक संस्कृति का संगम
आयोजन के दौरान देशदेखा क्षेत्र में 120 से अधिक पर्यटकों ने रॉक क्लाइंबिंग का रोमांचक अनुभव लिया। विशेषज्ञों की देखरेख में आयोजित इस गतिविधि ने एडवेंचर प्रेमियों को उत्साहित कर दिया। वहीं शाम को स्थानीय कलाकारों के लोक नृत्य और गीतों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।

तारों के नीचे संस्कृति की छटा
जशपुर जम्बुरी की खास आकर्षण रहा स्टार-गेजिंग सेशन, जिसमें पर्यटकों ने खुले आसमान के नीचे तारों को निहारते हुए प्रकृति की सुंदरता का अद्भुत अनुभव लिया। पारंपरिक भोजन, चांदनी रात और लोक संगीत की स्वर-लहरियों ने आयोजन को यादगार बना दिया।

जिला प्रशासन ने निवास, भोजन, सुरक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बेहतरीन व्यवस्था कर जशपुर जम्बुरी को एक आदर्श ग्रामीण पर्यटन उत्सव का रूप दिया है। यह आयोजन न सिर्फ स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति दे रहा है, बल्कि जशपुर को “प्रकृति, संस्कृति और एडवेंचर के संगम” के रूप में राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिला रहा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button