छत्तीसगढ़ की 69 लाख से अधिक महिलाओं को मिला महतारी वंदन योजना का लाभ, उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने की 647 करोड़ की किश्त जारी

राजनांदगांव, 06 नवंबर 2025।
छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। राज्य सरकार ने आज महतारी वंदन योजना की 21वीं किश्त जारी कर दी है। राजनांदगांव में आयोजित लखपति दीदी सम्मेलन में देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने ऑनलाइन बटन दबाकर 69 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 647 करोड़ 28 लाख 36 हजार 500 रुपए की राशि ट्रांसफर की।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्यपाल रमेन डेका, और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद सभी जिलों में महिलाओं के खातों में राशि पहुंचनी शुरू हो गई है।
इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ₹1000 की सहायता दी जाती है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें। अब तक सरकार महिलाओं को 20 किश्तों में 13,024 करोड़ 40 लाख रुपए की सहायता दे चुकी है। 21वीं किश्त जारी होने के बाद यह राशि बढ़कर 13,671 करोड़ 68 लाख रुपए हो गई है।
कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि बस्तर संभाग के 7658 गांवों की महिलाएं, जो हाल ही में माओवाद के प्रभाव से मुक्त हुए इलाकों से हैं, उन्हें पहली बार इस योजना का लाभ मिला है।
छत्तीसगढ़ सरकार का यह कदम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।



