छत्तीसगढ़
Trending

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बाइक चलाकर युवाओं को दिया सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश — रायपुर में 8-9 नवम्बर को होगा एमआरएफ नेशनल सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप 2025 का भव्य आयोजन

रायपुर, 3 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राजधानी रायपुर का बूढ़ापारा आउटडोर स्टेडियम आगामी 8 और 9 नवम्बर को रोमांच, रफ्तार और युवा ऊर्जा का केंद्र बनेगा। इस दौरान आयोजित एमआरएफ नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैम्पियनशिप 2025 राज्य में मोटर स्पोर्ट्स के प्रति बढ़ते उत्साह और युवाओं की नवाचार भावना का प्रतीक बनेगी।

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं बाइक चलाकर युवाओं को “सेफ ड्राइविंग” का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि —

“जीवन अनमोल है, इसलिए दुपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सड़क पर रेसिंग से बचें। युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना हम सबकी जिम्मेदारी है।”

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रजत जयंती वर्ष केवल राज्य की उपलब्धियों का उत्सव नहीं है, बल्कि यह नई पीढ़ी में अनुशासन, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का संचार करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का युवा अब “गति नहीं, संयम और संकल्प” के लिए पहचाना जाए।

छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस आयोजन के अध्यक्ष उज्जवल दीपक ने बताया कि यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता युवाओं को जिम्मेदार ड्राइविंग और सुरक्षित रेसिंग की दिशा में प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा —

“हम चाहते हैं कि रफ्तार जुनून बने, जोखिम नहीं — यही इस चैम्पियनशिप की असली सोच है।”

इस दो दिवसीय सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप में देशभर के शीर्ष राइडर्स हिस्सा लेंगे। एमआरएफ के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता विशेष रूप से निर्मित सुरक्षित रेसिंग ट्रैक पर होगी, जहाँ सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया जाएगा।

यह आयोजन न केवल मोटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देगा, बल्कि छत्तीसगढ़ को देश के मोटर स्पोर्ट्स मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button