CG के चरौटी में खौफनाक वारदात: परावट में 26 वर्षीय युवती की जली लाश मिली, हाथ बंधे… पिता ने पहचाना शव, हत्या कर सबूत मिटाने की आशंका

बलौदाबाजार, 25 अक्टूबर 2025 / कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम चरौटी में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गांव के बाहर बने ब्यारे में पैरावट के अंदर 26 वर्षीय युवती की जली हुई लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान चरौटी निवासी तेजस्विनी पटेल के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि तेजस्विनी अपने पिता के साथ रहती थी और मजदूरी करने बलौदाबाजार जाया करती थी. शुक्रवार की रात पिता के साथ उसने खाना खाया था. शनिवार सुबह पिता ने देखा कि घर का दरवाजा बाहर से बंद है, जिसके बाद उन्हें अनहोनी की आशंका हुई. पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया ही था कि गांव में जली हुई लाश मिलने की सूचना आई. मौके पर पहुंचकर पिता ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की.
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. जांच में यह बात सामने आई है कि मृतका के हाथ बंधे हुए थे और शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं. इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद सबूत छिपाने के लिए शव को जलाया गया होगा.
कोतवाली थाना प्रभारी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और हर एंगल से जांच की जा रही है. फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है.
पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बढ़ा दी है. इस वारदात से चरौटी गांव में भय और आक्रोश का माहौल है.



