सरगुजा: प्रेम विवाद में सनकी आशिक ने पेट्रोल पंप में युवती पर किया चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत

सरगुजा, गांधी नगर: गांधी नगर थाना क्षेत्र के श्री कृपा पेट्रोल पंप में कार्यरत युवती विद्यावती की हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जोगेन्द्र पैंकरा ने 1 फीट लंबे धारदार चाकू से युवती पर हमला किया। हमले का पूरा वीडियो फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी को बाइक के स्पीडोमीटर के ऊपर चाकू छुपाकर पेट्रोल पंप में आते और युवती पर हमला करते देखा जा सकता है।
वीडियो में देखा गया कि जैसे ही युवती ने चाकू को देखा, वह भागने की कोशिश करती है, लेकिन आरोपी दौड़ते हुए उसे पकड़ता है और कई बार वार करता है। गंभीर चोटों के कारण युवती अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ देती है। इस दौरान बीच-बचाव करने आए एक कर्मचारी को भी हाथ में चोट आई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना प्रेम संबंध विवाद का नतीजा है। दोनों ही बलरामपुर के रहने वाले थे। मृतिका विद्यावती ने कुछ समय पहले रिश्ता तोड़ दिया था, जिससे सनकी आशिक गुस्से में था और पिछले 2-3 दिनों से उसे मनाने की कोशिश कर रहा था।
आज गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे आरोपी पंप पहुंचा और विद्यावती को वापस संबंध जोड़ने के लिए मनाने की कोशिश कर रहा था। युवती के मना करने पर उसने चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।



