जनदर्शन में अनुज शर्मा का सख्त संदेश- जनता की हर समस्या का होगा त्वरित समाधान, लापरवाह अधिकारी नहीं होंगे बख्शे

रायपुर।खरोरा में गुरुवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनी और कई मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया। दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे थे।

विधायक अनुज ने बताया कि विधानसभा चुनाव के बाद प्रत्येक गुरुवार को खरोरा कार्यालय में जनदर्शन कार्यक्रम शुरू किया गया था, लेकिन क्षेत्रीय दौरों के कारण इसे कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ा था। अब इसे फिर से नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाना और आम जनता की छोटी-बड़ी समस्याओं का तुरंत समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र के किसान, मजदूर, गरीब और अंतिम छोर तक के व्यक्ति को कोई परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है।

अनुज ने साफ कहा कि अधिकारी यदि नियम-कानून का अड़ंगा लगाकर जनता को परेशान करेंगे और शासन की छवि धूमिल करेंगे, तो ऐसे अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक बिना किसी देरी और परेशानी के पहुंचे, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



