धरसींवा में तिरंगे का जलवा: कूंरा-खरोरा में 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया, विधायक अनुज शर्मा ने किया लोकार्पण, तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

धरसींवा, 15 अगस्त 2025/ 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धरसींवा विधानसभा के नगर पंचायत कूंरा और नगर पंचायत खरोरा में 100 फीट ऊंचा तिरंगा लहराने का सपना आज साकार हुआ। मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा ने लगभग 18.95 लाख रुपये की लागत से तैयार फ्लैग मास्ट का लोकार्पण कर ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान और सलामी के साथ तिरंगे को सम्मानित किया गया।

खरोरा में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली के रूप में तिरंगा यात्रा निकालकर स्वतंत्रता दिवस का उत्साह दोगुना कर दिया।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा—
“यह दिन हर भारतीय के लिए गर्व और आनंद का दिन है। हमें अपने अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान को सदैव स्मरण रखना चाहिए। आइए, हम सब मिलकर आत्मनिर्भर, विकसित और श्रेष्ठ भारत के निर्माण में अपना सर्वोच्च योगदान दें।”
उन्होंने तिरंगा यात्रा के माध्यम से जन-जन में जागृत हुए देशभक्ति के जज़्बे को सराहा और कहा कि आजादी का यह अमृतकाल, नये भारत के निर्माण के संकल्प को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



