रायपुर के होटल में कांग्रेस का सीक्रेट ट्रेनिंग कैंप :100 चुनिंदा युवा कार्यकर्ताओं को मिल रही विशेष ट्रेनिंग, बड़े आंदोलन की तैयारी

रायपुर, 13 अगस्त 2025 वीआईपी रोड स्थित एक होटल में राहुल गांधी की टीम ने 3 दिन का सीक्रेट ट्रेनिंग कैंप शुरू किया है। 12 अगस्त से चल रहे इस गुप्त कार्यक्रम में प्रदेश के 100 चुनिंदा युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हैं, जिनमें ज्यादातर ST, SC और OBC वर्ग से आते हैं। इन कार्यकर्ताओं को ग्राउंड पर काम करने की रणनीति, संविधान-कानून की समझ और जनता के मुद्दों पर मजबूती से खड़े होने के तरीके सिखाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम पूरी तरह मीडिया और सोशल मीडिया से दूर रखा गया है। होटल परिसर में बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित है और मोबाइल-फोटो पर बैन लगा है। सेशन्स सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलते हैं, जिनमें पार्टी का इतिहास, आंदोलन की रणनीति, मुद्दों को उठाने और सरकार के खिलाफ मुखर विरोध करने के तरीकों पर फोकस है। खेलकूद, प्रभात फेरी और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए टीमवर्क और नेतृत्व कौशल भी विकसित किए जा रहे हैं।
कैंप को राहुल गांधी की टीम के गौरव जायसवाल और अभिषेक त्रिपाठी लीड कर रहे हैं। आज युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब भी इसमें शामिल होकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह ट्रेनिंग केवल संगठनात्मक मजबूती के लिए नहीं बल्कि आने वाले समय में सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन की तैयारी का हिस्सा है। कैंप के अंतिम दिन कार्यकर्ताओं को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां और डिटेल ऐक्शन प्लान सौंपा जाएगा।



