Fake Paneer Racket Busted in Ambikapur: राखी से पहले तिलसी चौक से 155 किलो नकली पनीर जब्त

अंबिकापुर, सरगुजा | राखी के त्योहार से पहले नकली पनीर की बड़ी खेप अंबिकापुर में पकड़ी गई है। जिला प्रशासन और फूड सेफ्टी विभाग ने तिलसी चौक स्थित एक मकान पर छापा मारकर 155 किलो नकली पनीर जब्त किया है।
खाद्य एवं औषधि विभाग के निरीक्षक आर.आर. देवांगन के मुताबिक, त्योहारों के सीजन में बाजार में नकली पनीर खपाने की कोशिश की जा रही थी। मिली शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए मकान पर छापा मारा गया, जहां बड़ी मात्रा में नकली पनीर रखा हुआ मिला। जांच में पता चला कि यह पनीर रायपुर और दुर्ग से अंबिकापुर लाया गया था।
फिलहाल जब्त पनीर का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट में इसके नकली होने की पुष्टि हो चुकी है। विभाग ने इस मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के मौके पर खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें और संदिग्ध चीजों की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।



