छत्तीसगढ़
Trending

दुर्ग स्टेशन पर गिरफ्तार ननों का मामला गरमाया: रायपुर पहुंचे केरल के चार सांसद, कांग्रेस के साथ करेंगे विरोध प्रदर्शन

रायपुर, 1 अगस्त 2025 — दुर्ग रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी और जबरन धर्मांतरण के आरोप में गिरफ्तार की गई दो ननों का मामला अब राष्ट्रीय राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। शुक्रवार को केरल से चार सांसद रायपुर पहुंचे, जो पहले दुर्ग जेल में बंद ननों से मुलाकात करेंगे और फिर राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेताओं के साथ मिलकर बड़ा प्रदर्शन करेंगे।

सुबह रायपुर पहुंचे सांसदों के डेलिगेशन में कोडिकुन्निल सुरेश, एंटो एंटनी, डीन कुरियाकोसे और हिबी ईडन शामिल हैं। इन सांसदों ने साफ कहा कि ननों की गिरफ्तारी “बेबुनियाद और झूठे आरोपों” के आधार पर हुई है। हिबी ईडन ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी नहीं बल्कि पूरे देश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रहे अन्याय का प्रतीक बन चुका है।

आज दोपहर रायपुर में होगा विरोध प्रदर्शन

दोपहर 3 बजे राजधानी रायपुर में ननों की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस द्वारा बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया गया है, जिसमें केरल से आए सांसदों के साथ कांग्रेस की सह-प्रभारी जरीता लैतफलांग, प्रदेश कांग्रेस नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रदर्शन के माध्यम से राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल उठाए जाएंगे।

हिबी ईडन का बयान: संविधानिक अधिकारों का उल्लंघन

सांसद हिबी ईडन ने कहा कि “यह गिरफ्तारी संविधानिक अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। यदि मामला NIA कोर्ट में जाना है, तो बिना सबूत पांच दिन तक जेल में क्यों रखा गया? केरल में 25 लाख लोग बाहर से काम करने आते हैं, वैसे ही केरल के लोग भी देश में कहीं भी जाकर काम कर सकते हैं।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक स्थानीय व्यक्ति ‘ज्योति’ लगातार ईसाई समुदाय को धमकी दे रहा है और यह सब सुनियोजित साजिश का हिस्सा है।

पहले भी पहुंच चुके हैं डेलीगेशन

यह पहली बार नहीं है जब इस मामले को लेकर राजनीतिक दलों की सक्रियता देखी गई हो। 29 जुलाई को INDI गठबंधन के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने ननों से जेल में मुलाकात की थी। वहीं केरल बीजेपी के महासचिव अनूप एंटनी जोसेफ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा से मुलाकात की थी। भाजपा के डेलीगेशन ने भी ननों से बातचीत की थी।

क्या है पूरा मामला?

25 जुलाई को दुर्ग रेलवे स्टेशन पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दो ननों और एक युवक को मानव तस्करी और जबरन धर्मांतरण के आरोप में रोका था। कहा गया कि वे नारायणपुर की तीन लड़कियों को बहला-फुसलाकर आगरा ले जा रहे थे। मौके पर नारेबाजी के बाद मामला जीआरपी थाना भिलाई-3 में पहुंचा और बाद में धर्मांतरण विरोधी कानून की धारा 4 के तहत केस दर्ज करते हुए तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अब यह मामला छत्तीसगढ़ की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर अल्पसंख्यक अधिकारों और धार्मिक स्वतंत्रता की बहस को भी हवा देने लगा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button