छत्तीसगढ़
Trending

चार दिन की बारिश से शिवनाथ में उफान : गांवों में घुसा पानी, राजनांदगांव में ऑरेंज अलर्ट

राजनांदगांव, 10 जुलाई 2025 — राजनांदगांव जिले में बीते चार दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। जिले में अब तक कुल 250 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो औसत से 10 मिमी अधिक है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से 156 मिमी बारिश केवल पिछले चार दिनों में ही हुई है।

लगातार बारिश के चलते शिवनाथ नदी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जिले के चार जलाशयों से कुल 36 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

  • मोंगरा बैराज से 20,000 क्यूसेक
  • घुमरिया नाला बैराज से 10,800 क्यूसेक
  • सूखा नाला बैराज से 5,200 क्यूसेक
  • खातू टोला बैराज से 600 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

इसका असर यह हुआ कि नदी का पानी अब किनारे बसे गांवों में प्रवेश करने लगा है। अंबागढ़ चौकी के कुछ वार्डों में जलभराव की स्थिति बन गई है। एहतियातन नदी किनारे बसे घरों को खाली कराया गया है। शिवनाथ नदी पर बने सभी 13 एनीकट जलमग्न हो गए हैं, जिससे इलाके में आवागमन और कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

मौसम विभाग ने दी चेतावनी
मौसम विभाग ने गुरुवार, 10 जुलाई के लिए भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार सुबह से तेज बारिश हुई, दोपहर में थोड़ी देर के लिए मौसम साफ हुआ, लेकिन शाम होते-होते फिर तेज बारिश शुरू हो गई।

किसानों की चिंता बढ़ी
लगातार बारिश से खेतों में पानी भर गया है और किसान अब बारिश थमने का इंतजार कर रहे हैं ताकि धान की रोपाई का कार्य शुरू किया जा सके। यदि बारिश का सिलसिला यूं ही जारी रहा तो खेती-किसानी को भारी नुकसान हो सकता है।

प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button